निकेतन स्कूल द्वारा बालवाटिका से कक्षा 4 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘गुड टच–बैड टच’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में सरल एवं सहज तरीके से जानकारी देना तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।



इस अवसर पर विशेष अतिथियों के रूप में डॉ. इला बेन मेघाणी (इनरव्हील क्लब, सूरत) तथा श्री विजयभाई गोहिल (जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण) उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि उन्हें अपने शरीर की निजी सीमाओं का सम्मान करना चाहिए और किसी भी ऐसे स्पर्श से असहज महसूस होने पर तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। बच्चों को यह संदेश भी दिया गया कि अपनी बात बताने में उन्हें डरना या झिझकना नहीं चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और संवाद एवं गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को “सजग रहें, सुरक्षित रहें और अपनी बात विश्वास के साथ कहें” का संदेश दिया गया।
निकेतन स्कूल प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास का विकास भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित वातावरण समझने और आवश्यकता पड़ने पर सही व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित करते हैं।
निकेतन स्कूल परिवार द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।
Discover more from Pavan Express News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
